संजीव महाजन,नूरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर युवा मतदाताओं को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए गए है। इसी के तहत नूरपुर में 24 सितंबर तक स्वीप के तहत युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत निर्वाचन कार्य में तैनात अधिकारियों की ओर से बूथ स्तर पर लोगों को वोट का महत्व समझाने के साथ ईवीएम के माध्यम से वोट डालने की पूरी प्रक्रिया समझाई जा रही है।
नूरपुर में निर्वाचन अधिकारी(एसडीएम) अनिल भारद्वाज ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को उनके वोट का महत्व समझाने और शत प्रतिशत मतदान करने के बारे में जागरूक करने के लिए 12 से 24 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आज वीरवार को तीन टीमों की ओर से चकवन,बासा,थोड़ा,भलून,बारल, कोपड़ा, खज्जियां, नियाड़ के साथ-साथ हटली एक व दो, कोटपलाहड़ी, टिका नगरोटा में मतदाताओं को वोट का महत्व समझाया गया।
उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को बरमोली,खेल,खज्जियां एक व दो,मांऊ, जौंटा, मनकोट, भड़वार के अतिरिक्त रिन्ना, बाण, हार ओर बागनी में मतदाताओं को बूथ स्तर पर जागरूक किया जाएगा, जबकि 17 सितंबर को खैरियां एक व दो, मिंझग्रा, संझूड़,भोलठाकरां तथा डमोह में स्वीप कार्यक्रम होंगे। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान में लोगों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से स्वीप गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
