बिलासपुर: बिलासपुर के किसान भवन में सोमवार को उज्जवल भारत, उज्जवल भविष्य के तहत बिजली महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एचपीएसईबीएल के एमडी पंकज ढडवाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की वहीं एसडीएम सदर रामेश्वर दास, जिला परिषद अध्यक्षा कुमारी मुस्कान और नगर परिषद के अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश और केंद्र सरकार की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं के बारे विस्तृत जानकारी दी गई। स्थानीय कलाकारों ने जहां नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकार की योजनाओं के बारे बताया, वहीं बिलासपुर के लोक कलाकारों ने लोक नृत्य से अपनी संस्कृति से रूबरू करवाया। एचपीएसईबीएल के एमडी पंकज ढडवाल ने बताया कि 25 से 30 जुलाई तक बिजली महोत्सव मनाया जा रहा है,जिसके माध्यम से आम जनता को केंद्र सरकार की बिजली संबंधित योजनाओं के बारे में बताया जा रहा है।
