अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा की ओर से सेवा और समर्पण सद्भावना पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में अलग-अलग प्रकार की गतिविधियों को अमलीजामा पहनाया जाएगा। इसी कड़ी में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर हिमाचल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा,खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग सहित बीजेपी के तमाम कार्यकर्ताओं ने हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में मरीजों को फल वितरित किए ओर उनका कुशलक्षेम जाना।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्म दिवस की बधाई दी और उनके स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कामना की कि उनका मार्गदर्शन देश व पार्टी के कार्यकर्ताओं को आगे यूं ही मिलता रहे। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बताया कि आज पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी की ओर से पीएम मोदी के जन्मदिवस पर फल बांटे जा रहे है। इसी कड़ी के तहत हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज में फल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया । वहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने शायर पर्व की भी प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बताया कि राष्ट्रीय बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा के आह्वान पर पूरे प्रदेश में ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन युवा मोर्चा की ओर से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 1075 यूनिट ब्लड डोनेट करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा इन ब्लड डोनेशन की एक डायरेक्टरी भी बनाई जाएगी ताकि भविष्य में इसका उपयोग हो सके। मनीष कश्यप ने बताया कि महिला मोर्चा की ओर से कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम भी इस मौके पर आयोजित किए जा रहे है।
