मंजूर पठान, चंबा: जिला चंबा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भलेई में जल्द ही छात्रों को साइंस ब्लॉक की सुविधा मिलेगी। स्कूल में साइंस ब्लॉक का निर्माण कांग्रेस सरकार की ओर से करवाया जाएगा। यह बात बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलेई के वार्षिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेत्री आशा कुमारी ने कही। यहां पहुंचने पर स्कूल के स्टाफ ओर बच्चों की ओर से उनका भव्य तरीके से स्वागत किया गया। बच्चों ने अपने रंगारंग कार्यक्रमों से समारोह में खूब रंग जमाया।
इस दौरान आशा कुमारी ने स्कूल के साइंस ब्लॉक के निर्माण पर पूर्व की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। आशा कुमारी ने बताया कि इस उत्कृष्ट विद्यालय को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने दिया था और यहां आज पूरी सुविधाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा की इस स्कूल में विज्ञान ब्लॉक जल्द बनकर तैयार होगा। उन्होंने कहा की वर्ष 2017 में मैंने विधायक प्राथमिकता में इस स्कूल के लिए पैसा भी स्वीकृत करवाया था, लेकिन भाजपा की सरकार ने बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया और पांच साल तक स्कूल को एक फूटी कौड़ी तक नहीं दी जिससे साफ जाहिर होता है की बच्चों की शिक्षा को लेकर भाजपा सरकार कितनी चिंतित थी।
उन्होंने कहा कि अब जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार हैं तो बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होगा और सभी कार्य पूर्ण होंगे । उन्होंने कहा कि स्कूल में साइंस ब्लॉक के निर्माण के लिए जल्द पैसा जारी किया जाएगा और उस स्कूल में जल्द से जल्द साइंस ब्लॉक का निर्माण करवाया जाएगा।
