Mandi, Dharamveer-:प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत धनराशि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चरण-4 के तहत धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में 14.46 करोड़ रुपये की लागत से चार महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इस स्वीकृति से क्षेत्र के ग्रामीण और दूरदराज इलाकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
रजत ठाकुर ने कहा कि लंबे समय से जिन सड़कों की मांग स्थानीय लोग कर रहे थे, उन्हें केंद्र सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दी है। इन सड़कों के बनने से दुर्गम गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे आमजन का आवागमन सुगम बनेगा। उन्होंने कहा कि इसका लाभ विशेष रूप से किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को मिलेगा, जिन्हें अब रोजमर्रा के कार्यों के लिए बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र के साथ काम कर रही है। धर्मपुर विधानसभा के लिए स्वीकृत यह परियोजना क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
रजत ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की कार्यशैली की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में देशभर में सड़क अवसंरचना का तेजी से विस्तार हुआ है। गांव-गांव तक पक्की सड़कों का निर्माण होने से न केवल दूरी कम हो रही है, बल्कि विकास को भी नई गति मिल रही है।इस अवसर पर स्थानीय लोगों अनिल कुमार, भीम सिंह, बबलू राम और श्याम सिंह सहित अन्य क्षेत्रवासियों ने भी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सड़कें बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। क्षेत्रवासियों ने केंद्र सरकार का धन्यवाद करते हुए भविष्य में भी धर्मपुर के लिए और विकास योजनाएं आने की उम्मीद जताई।
