Bilaspur, Subhash-:बिलासपुर जिला में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में बचत भवन में टूरिज्म, स्पोर्ट्स, ट्रेड एंड एम्प्लॉयमेंट जनरेशन सोसाइटी से संबंधित बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, सहायक आयुक्त राजकुमार सहित सभी उपमंडल अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा नैना देवी जी क्षेत्र के समीप गोविंद सागर झील के नकराणा तथा आसपास के क्षेत्रों में वॉटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियों के विकास हेतु प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिल चुकी है। अब इस क्षेत्र में वॉटर स्पोर्ट्स व एडवेंचर गतिविधियों के लिए शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया आरंभ की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन की टीम पहले ही नकराणा क्षेत्र का दौरा कर वहां उपलब्ध संभावनाओं का विस्तृत आकलन कर चुकी है। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि गोविंद सागर झील की शांत जलधाराएं, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्वतीय वातावरण इस क्षेत्र को जल क्रीड़ा और एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए अत्यंत अनुकूल बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक नाव विहार, कयाकिंग सहित अन्य रोमांचक गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। जिला प्रशासन का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को एडवेंचर और वॉटर स्पोर्ट्स पर्यटन से जोड़कर इस क्षेत्र को एक बहुआयामी पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।
“गोविंद सागर झील के नकराणा क्षेत्र में वॉटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ यहां एडवेंचर टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जाए, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल सकें।”
