अनिल कुमार, किन्नौर: हिमाचल के सिरमौर के हाटी सामुदाय के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को केंद्र सरकार ने पूरा करते हुए हाटी समुदाय को जनजातीय का दर्जा दे दिया है। केंद्र की ओर से दिए गए इस दर्जे पर भी कांग्रेस ने भाजपा को घेरा है और इस फैसले को भाजपा के अपने लाभ के लिए लिया गया निर्णय करार दिया है। किन्नौर के जनजातीय क्षेत्र किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी ने भाजपा की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा है कि सरकार ने सिरमौर के हाटी समुदाय को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा चुनाव के मद्देनजर दिया है ताकि चुनाव में भाजपा को लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि सिरमौर के हाटी समुदाय को जनजातीय का दर्जा देने के सरकार के फैसले का स्वागत करते है, लेकिन सरकार ने जनजातीय क्षेत्र को मिलने वाली 9 प्रतिशत बजट को बढ़ाने का कोई फैसला नहीं लिया जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्र का दर्जा देने के साथ ही सरकार जनजातीय क्षेत्र को मिलने वाले बजट में भी इज़ाफ़ा करना चाहिए था जो सरकार ने नहीं किया। प्रदेश की भाजपा सरकार केवल घोषणाएं करती है लेकिन उन घोषणाओं में बजट के बारे में बात नहीं होती है।
.नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार अब जनजातीय बजट को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत करे ताकि प्रदेश के हाटी जनजातीय क्षेत्र के साथ अन्य जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यो में बजट की कमी न हो और जनजातीय समुदाय के लोगों को मिलने वाली सुविधाएं व नौकरी में आरक्षण की प्रतिशत्ता को भी बढ़ाया जाए.
उन्होंने कहा कि यदि सरकार बजट में इज़ाफा नहीं करती है तो अन्य जनजातीय क्षेत्र में चल रहे विकास कार्य भी पुरे नहीं होंगे। इस से ऐसा होगा कि न तो पहले के जनजातीय क्षेत्र का विकास कार्य होगा और न ही नए जनजातीय क्षेत्र का विकास को गति मिलेगी और जनजातीय समुदाय के लोगों व क्षेत्र के विकास पर बुरा प्रभाव पड़ेगा।
