सोलन/योगेश शर्मा: हिमाचल प्रदेश के साथ साथ जिला सोलन में भी लगातार लंपी वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। जिला में अब तक एंटीवायरस के 11059 मामले सामने आ चुके हैं। इसको लेकर पशुपालन विभाग द्वारा लगातार जिला की हर पंचायत में जागरूकता शिविर लगाकर किसानों को जागरूक भी किया जा रहा है। वही वेक्सिनेशन अभियान भी बड़े स्तर पर जिला में चल रहा है। पशुपालन विभाग सोलन के उपनिदेशक डॉ बी.बी.गुप्ता ने बताया कि धर्मपुर ब्लॉक में जिला में सबसे पहले लंपी के मामले सामने आए थे। उसके बाद नालागढ़ अर्की और सोलन में भी लंपी वायरस के मामले सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिला में अबतक लंपी वायरस से 618 पशुओं की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि जिला में अभी तक 6547 पशु ठीक हो चुके हैं। वहीं जिले में अभी भी 3898 मामले एक्टिव है। बी.बी. गुप्ता ने कहा कि जिला में पशुओं में वेक्सिनेशन कार्य भी जोरो शोरो से चल रहा है,अभी तक 18000 पशुओ का वेक्सिनेशन किया जा चुका है। जिसको लेकर जिला में 5 टीमें काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में लंपी वायरस फैला है , वहां एक किलोमीटर के दायरे में वेक्सिनेशन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की है कि अगर उन्हें पशुओं में किसी तरह के लक्षण दिखाई देते हैं तो वे नजदीकी अस्पताल जाकर उनका इलाज जरूर करवाएं।
