रिकांगपिओ (अनिल नेगी): प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकण पर विशेष ध्यान दे रही है तथा महिलाओं को आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त करने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा अनेक योजनाएं आरंभ की गई है। यह बात हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने आज उप-तहसील टापरी की ग्राम पंचायत चगांव में लगभग 18 लाख रुपए की लागत से निर्मित महिला मंडल भवन का लोकार्पण करने के बाद कही।
उन्होंने कहा कि जिले में मुख्यमंत्री गृहणी सुविधा योजना के तहत 2741 निःशुल्क गैस कनैक्शन प्रदान किए गए हैं। इसी प्रकार केंद्र सरकार द्वारा आरंभ की गई उज्जवला योजना के तहत 128 महिलाओं को निःशुल्क गैस कनैक्शन दिए गए है। इसके अतिरिक्त इन्हें दो-दो निःशुल्क रिफिल भी प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत भी महिलाओं को अपना कारोबार आरंभ करने के लिए 35 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत जिले में 32 महिलाए लाभान्वित हुई है और अपना कारोबार आरंभ करने के लिए 5 करोड़ 93 लाख रुपए का निवेश किया गया जिस पर 1 करोड़ 58 लाख रुपए का उपदान प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि इससे जहां इन महिलाओं ने स्वयं स्वरोजगार प्राप्त किया है वहीं अन्य को रोजगार देने में भी सक्षम हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं को हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बसों में किराए में 50 प्रतिशत छूट प्रदान की जा रही है जिससे प्रदेश की आधी आबादी लाभान्वित हो रही है।
सूरत नेगी ने बताया कि ग्राम पंचायत चगांव के तारिंग सड़क निर्माण, रागम्ये सड़क निर्माण व याशंग सड़क निर्माण के लिए गत साढ़े चार वर्षों के दौरान लगभग 1.50 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है ताकि इन गांव के किसानों व बागवानों को अपनी नकदी फसलें मंडियों तक पहुंचाने में और सहूलियत मिले। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी 7 महिला मंडलों व युवक मंडलो को भी धनराशि उपलब्ध करवाई गई है ताकि महिला मंडल आवश्यक सामान इत्यादि की खरीददारी कर सकें वहीं युवक मंडल भी खेल सामग्री व अन्य को खरीद सके।
