शिमला: आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए थे। आवेदन मांगने के बाद से गुरुवार अंतिम तिथि तक प्रदेशभर से उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए अपने आवेदन किए है। कांग्रेस को हिमाचल प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रदेश भर से 1 हजार 347 आवेदन प्राप्त हुए है। इसमें 677 ऑनलाइन और 670 आवेदन ऑफलाइन मिले है। प्राप्त आवेदनों की अब 5 सितंबर तक स्क्रूटनी की जाएगी। हिमाचल कांग्रेस के उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने बताया कि प्रदेश भर से कार्यकर्ताओं के आवेदन प्राप्त हुए हैं।
हिमाचल कांग्रेस के प्रति प्रदेश भर में माहौल है और कार्यकर्ता भी इस माहौल से उत्साहित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत हर कार्यकर्ता को चुनाव लड़ने के लिए आवेदन की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने कहा कि हिमाचल कांग्रेस सत्ता में वापसी करने जा रही है। बता दें कि इस बार कांग्रेस की ओर से आवेदन मांगने के बाद से हिमाचल कांग्रेस में टिकट के लिए होड़ लग गई है। कांग्रेस की ओर से इस बार बिना शुल्क के टिकट आवेदन करने की व्यवस्था रखी गई थी और आवेदन की अंतिम तिथि 1 सितंबर रखी गई थी।
शिमला शहर से आए सबसे ज्यादा आवेदन
विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के पास वैसे तो प्रदेश भर से उम्मीदवारों के आवेदन पहुंचे है, लेकिन बात अगर शिमला शहर की की जाए तो यहां कांग्रेस के टिकट पर सबसे ज्यादा उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की है। आवेदकों में सबसे ज्यादा आवेदन शिमला शहर से कांग्रेस के पास पहुंचे है। शिमला शहर से सबसे ज्यादा करीब 40 उम्मीदवारों ने टिकट के लिए आवेदन किया है।
