सोलन/योगेश शर्मा: हिमाचल के चुनाव प्रभारी और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को बड़ी राहत देते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय ने उन पर लगे बेनामी संपत्ति के सभी आरोपों से उनको दोष मुक्त कर दिया है। सोलन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान आप पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि हम हमेशा कहते रहे है कि सत्येंद्र जैन एक कट्टर ईमानदार व्यक्ति हैं। जिनको भाजपा ने गंदी राजनीति और हिमाचल में हार के डर से झूठे मामले बनाकर आज तक जेल में डाल रखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमारे नेताओं के ख़िलाफ़ सिर्फ़ और सिर्फ झूठे केस बना सकती है लेकिन सच को कोई पराजित नहीं कर सकता है।
सुरजीत ने कहा कि आम आदमी पार्टी बीजेपी के झूठे केसों से नहीं डरने वाली है। हमें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है क्योंकि सच परेशान जरूर होता लेकिन पराजित नहीं। सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि सतेंद्र जैन के बेनामी सम्पति मामले में बरी होने पर पूरे हिमाचल प्रदेश के सभी आप कार्यकर्ताओं में एक नई जोश और सक्रियता है। इस बार का चुनाव हिमाचल की जनता बनाम ये रिवायती पार्टियां के बीच होगा। ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर समेत सभी बीजेपी नेता हमेशा हिमाचल की जनता को गुमराह करते रहे कि आप के नेता अलग-अलग मामलों में फंसे हैं।
ऐसे में जब अब न्यायालय से उन्हें राहत मिली है तो उन सभी भाजपा नेताओं को माफी मांगनी चाहिए। सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि जो भाजपा के नेता बार बार सतेंद्र जैन के ऊपर सवाल उठाते रहे अब वो क्या कहेंगे है,कोई जवाब उनके पास नहीं है। उन्होंने कहा कि बीजेपी कितने भी झूठे केस बनाकर हमारे लोगों को परेशान करने की कोशिश कर ले, लेकिन आप पार्टी के कार्यकर्ता घबराने वाले नहीं बल्कि और भी जोश से इस बार हिमाचल में बदलाव के मिशन पर लगे रहेंगे।
