मंडी/परी शर्मा: विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत हिमाचल प्रदेश में अब कभी भी आचार संहिता लग सकती है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश की जयराम सरकार ने प्रदेश में विभिन्न कार्यो के उद्घाटन और शिलान्यास आज एक साथ कर दिए। कुल्लू जिला से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 29 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1008 करोड़ की विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। जयराम ठाकुर ने वर्चुअल माध्यम से मंडी जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 163 करोड़ रुपए के उद्घाटन और शिलान्यास किए। द्रंग और सदर विधानसभा क्षेत्र के लिए मंडी के डीआरडीए हॉल में एलईडी के माध्यम से कार्यक्रम से जुडे।
इस दौरान मंडी सदर से विधायक अनिल शर्मा और द्रंग विधानसभा क्षेत्र के विधायक जवाहर ठाकुर मौजूद रहे। विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत हिमाचल में आचार सहिंता लगने वाली है और समय की कमी को देखते हुए आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुल्लू से प्रदेश के 29 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1008 करोड़ की विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। उन्होने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र के लिए दो पानी की स्किमें जिसमें एक का उद्घाटन और एक का शिलान्यास किया, नाबार्ड के तहत दो सड़कें जिसमें एक को पक्की करने और एक का निर्माण करने, मंडी शहर के लिए पार्किंग का उद्घाटन किया।
अनिल शर्मा ने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर ने विकास की गति को आगे ले जाते हुए विधायकों की सभी मांगों को पूरा करने का प्रयास किया और आने वाले समय में भी भाजपा सरकार बचे हुए कार्यो का करेगी। वहीं द्रंग विधानसभा क्षेत्र के विधायक जवाहर ठाकुर ने क्षेत्र के लिए किए गए विभिन्न कार्यो के शिलान्यास और उद्घाटन के लिए सीएम जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
