राहुल चावला,धर्मशाला: धर्मशाला में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में मीडिया सेंटर का शुभारंभ किया गया। इस मीडिया सेंटर का शुभारंभ प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर ने किया। सेंटर के शुभारंभ के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक पद्धति से आगे बढ़ रही है, कांग्रेस की तरह नहीं कि परिवारवाद व वंशवाद से निकला व्यक्ति होगा, वही नेतृत्व करेगा।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि पार्टी ने निर्णय लिया है कि चुनावों को लेकर मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं की भी राय ली जाए। उसी कड़ी में रविवार को प्रदेश भर में संसदीय क्षेत्र स्तर पर बैठकें हो रही हैं। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में भी इसी तरह की बैठकें तय की गई थी, जिसके लिए 4 केंद्र निर्धारित किए गए है, जिनकी बैठकें आयोजित की जा रही हैं। मंडलों से जिला कार्यकारिणी व मोर्चों में पदाधिकारी हैं, उनकी बैठकें की जा रही हैं। प्रदेश कार्यकारिणी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, वर्तमान व पूर्व अध्यक्षों की बैठक में सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
कार्यकर्ताओं से करवाया जा रहा गुप्त मतदान
त्रिलोक कपूर ने कहा कि पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं से गुप्त मतदान करवाया जा रहा है। ऐसे मतदाताओं की संख्या 35 से 40 के करीब है, जिन्होंने रविवार को गुप्त मतदान के रूप में अपनी राय दी है। इन पेटियों को आज ही शिमला प्रदेश पार्टी मुख्यालय भेजा जा रहा है, जहां पर इन गुप्त मतदान की समीक्षा व विश्लेषण किया जाएगा, जिससे पार्टी नेतृत्व यह भी जान सकेंगे कि संबंधित क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की भावना क्या है। पहली बार इस तरह की पहल की गई है ओर यही अंतर है भाजपा और कांग्रेस में। भाजपा कार्यकर्ताओं की भावना से चलती है, जबकि कांग्रेस वंशवाद व परिवारवाद से चलती है।
