मंडी:चन्द्रिका (TSN)-लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र बीजेपी इन दिनों जोरों शोरो से गांव चलो अभियान में जुटी है । इस दौरान वे ग्रामीण वोटरों को लुभाने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर गांव गांव जा रही है ।वहीं प्रदेश कांग्रेस सरकार को भी निशाना बना रही है ।
इस कड़ी में सराज भाजपा मंडल द्वारा बाखली और सरोआ में “गांव चलो अभियान” के तहत आयोजित कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिरकत की । वे यहां शक्ति वंदन अभियान में भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर आगामी लोकसभा चुनावों में ग्रामीणों के आशीर्वाद से भाजपा प्रचंड जीत का परचम लहराएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश की सेवा का मौका मिलेगा। जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि लोकसभा चुनाव के लिए गांव गांव संपर्क शुरू कर दें और केंद्र सरकार की योजनाओं को उन्हें बताएं और राज्य की कांग्रेस सरकार की नाकामियों को उजागर कर जनता को इनकी झूठी गारंटियों से अवगत करवाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए इनके नेताओं ने कैसे जनता के साथ झूठ बोला और कैसे इनके झूठ बोलने वाले नेता राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हार गए इस बारे भी चर्चा करें। उन्होंने कहा कि देश में सिर्फ़ मोदी की गारंटी ही विकास का एकमात्र परिचय है। इस मौके जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, जिला परिषद सदस्य एवम शक्ति वंदन अभियान से प्रियंता शर्मा, जिला परिषद सदस्य रजनी ठाकुर,अखिलेश कपूर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
