अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश में इस समय सबसे बड़ा मुद्दा प्रदेश में लंबे समय से बंद पड़े सीमेंट प्लांट का हैं। मामले में जहां ट्रक ऑपरेटर ओर इन फैक्ट्रियों में काम करने वाले कामगार परेशान हैं तो वहीं जमकर राजनीति भी इस मुद्दे पर हो रही हैं। भाजपा की ओर से जहां प्रदेश सरकार से इस विवाद को जल्द से जल्द सुलझाने की मांग की जा रही हैं,तो वहीं प्रदेश की कांग्रेस सरकार की ओर से इस मामले पर गंभीरता से विचार करते हुए पूरे मामले में प्रदेश के हित को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने की बात कही जा रही हैं।
गत दिवस हमीरपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सीमेंट विवाद को जल्द सुलझाने की बात कही थी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से जब सीमेंट विवाद पर प्रश्न किया गया तो उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को चाहिए कि ट्रक ऑपरेटरों और सीमेंट निर्माण कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठकर कोई फैसला जल्द लिया जाए ताकि प्रदेश व जनता को हो रहे आर्थिक नुकसान को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि ट्रक ऑपरेटर कई दिनों से हड़ताल पर हैं और इस हड़ताल के चलते स्थानीय लोगों को भी नुकसान हो रहा हैं, इसलिए सरकार को चाहिए कि जल्द इस मुद्दे पर कोई निर्णय लिया जाए।
वहीं शुक्रवार को हमीरपुर पहुंचे मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा ने इस मामले में प्रदेश सरकार की गंभीरता को दर्शाते हुए कहा कि जो भी फैसला लिया जाएगा वह हिमाचल के हित को ध्यान में रखकर ही लिया जाएगा। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा ने कहा कि सीमेंट विवाद पर सरकार पूरी नजर रखे हुए हैं और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्पष्ट किया है कि हिमाचल हित को ध्यान में रखकर ही फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसी के दबाव में आने वाली नहीं है और हिमाचल हित व आम जनता की सहूलियत के लिए कठोर निर्णय लेने को भी तैयार हैं।
