संजीव महाजन, नूरपूर: अवैध खनन के खिलाफ जहां पुलिस की ओर से अपनी मुहिम चलाई गई हैं तो वहीं अब ग्रामीण भी पुलिस की इस मुहिम में अपनी भागीदारी दे रहे हैं। इसी के तहत शुक्रवार को विधानसभा इंदौरा की पंचायत बसंतपुर के रत्तनगढ में ग्रामीणों ने एकजुट होकर खनन माफियों की ओर से किए जा रहे अवैध खनन वालों पर सर्जिकल स्ट्राइक कर उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर भगाया।
कई महीनों से लगातार हो रहे अवैध खनन से तंग आकर गांव के ग्रामीणों ने एकजुट होकर गुरुवार रात एक बार फिर पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा में शिकायत करने के बावजूद तुरंत करवाई न होने पर ग्रामीणों ने एसपी नूरपुर अशोक रतन से इसकी शिकायत कर इकट्ठे होकर खुद ही स्पॉट की तरफ निकल पड़े। देर रात को इसकी सूचना खनन माफियों को लग चुकी थी। ऐसे में उन्होंने तुरंत अपनी ट्रालियों को खाली कर मौके से भागना ही ठीक समझा, लेकिन इस दौरान ट्रैक्टर इतनी स्पीड से स्पॉट की तरफ से भागे जिससे कई ग्रामीण भी बाल-बाल बचे । ग्रामीणों की इस करवाई से खनन करने वालों में हड़कंप मच गया।
एसपी अशोक रतन के तुरंत आदेश पर ठाकुरद्वारा चौकी के प्रभारी मनोहर शर्मा इंदौरा थाना की टीम शिकायत के तुरंत बाद मौके पर पहुंची, तब तक ग्रामीणों ने स्पॉट पर एक जे सी बी और एक लोड ट्रॉली को घेरा डाल अपने कब्ज़े में किया था उसे पुलिस के हवाले किया । देर रात तक चले इस ड्रामे में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है की वह खनन माफियों से अपने घरों को ओर गांव का अस्तित्व बचाने के लिए आगे भी करवाई जारी रखेंगे ।
