नालागढ़/जगत सिंह: बद्दी दशहरा ग्राउंड में हुए ब्लास्ट का जायजा लेने पहुंचे एसडीएम नालागढ़ आईएएस अधिकारी महेंद्र पाल गुर्जर के साथ नगर परिषद भाजपा नेता उलझ पड़े। यही नहीं उनके साथ बदसलूकी और उनके ऊपर भाजपा पार्टी व सरकार का रौब झाड़ते हुए भी दिखाई दिए। एसडीएम ने बद्दी पुलिस को शिकायत दी तो पुलिस ने भाजपा के संबंधित आरोपियों को मौके से पुलिस की गाड़ी में बिठा कर हिरासत में ले लिया।
मामला यहीं पर शांत नहीं हुआ जब एसडीएम नालागढ़ महेंद्र पाल गुर्जर बद्दी थाना पहुंचे तो वहां पर भी भाजपा के नेताओं द्वारा उनके साथ बदसलूकी की गई और एक भाजपा सरकार के नेता ने तो यहां तक कह दिया कि नालागढ़ का यह सबसे घटिया अधिकारी है। फिलहाल सभी आरोपी भाजपा के नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस बारे में एसडीम नालागढ़ महेंद्र पाल गुज्जर से जब बातचीत करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल बंद आया और उनसे संपर्क नहीं हो पाया। वहीं जब भाजपा के आरोपी नेताओं से बातचीत की तो उनका कहना है कि एसडीएम नालागढ़ महेंद्र पाल गुर्जर बदसलूकी से बात करते हैं और तू तड़ाक से बात करते हैं और अपने आप को बड़ा और बाकियों को निचा देखने की कोशिश करते है।
अब देखना यही होगा कि एक तरफ एसडीएम नालागढ़ ने आरोप लगाया है कि उनके साथ बदसलूकी की गई और उन्होंने शिकायत पुलिस थाना में दी और दूसरी तरफ भाजपा के नेताओं ने भी एसडीएम महेंद्र पाल गुर्जर पर अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप जड़े हैं। यह तो पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो पाएगी कि आखिर मामले में कौन सच बोल रहा है और कौन झूठ।
