सचिन शर्मा,मनाली: मनाली विधानसभा क्षेत्र में पशु औषधालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व पटवार सर्किल आदि की अधिसूचनाएं कांग्रेस सरकार की ओर से रद्द कर दी गई हैं। इन सब कार्यालयों और संस्थानों को बंद करने को लेकर मनाली में भाजपा कार्यकर्ताओं और भाजपा के नेताओं में रोष व्याप्त हैं। यही वजह है कि सोमवार को उन्होंने इस फ़ैसले के खिलाफ अपना विरोध जताने के लिए रोष प्रदर्शन भी किया।
भाजपा मनाली मंडल की ओर से यह रोष प्रदर्शन भाजपा मंडला अध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया। वहीं जिला अध्यक्ष भीमसेन शर्मा और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्षा धनेश्वरी ठाकुर सहित मनाली विधानसभा क्षेत्र से सैंकड़ो की संख्या में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भी इस प्रदर्शन में भाग लिया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से मनाली के रामबाग से मॉल रोड़ होते हुए एसडीएम कार्यालय तक रोष रैली निकाली गई।
इस दौरान एसडीएम मनाली के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से मनाली के मॉल रोड पर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। वहीं इस दौरान जिलअध्यक्ष भीम सिंह शर्मा ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि भाजपा की ओर से कुल्लू जिला के सभी मंडलों में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा हैं और इसी कड़ी में सोमवार को भाजपा मनाली मंडल की ओर से मनाली में प्रदेश सरकार की ओर से अधिसूचना रद्द करने को लेकर रोष प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिरकत की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार ने पूर्व में जो भाजपा सरकार की ओर से निर्णय लिए गए थे उनको डी नोटिफाई किया हैं। चाहे वो शिक्षा से संबंधित हो या स्वास्थ्य से संबंधित हो या कोई अन्य घोषणाएं जो भी पूर्व सरकार ने की थी उनको डी नोटिफाई किया जा रहा हैं, जो काफी दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इसकी आलोचना करती है और पूरे प्रदेश में भाजपा इस फैसले को लेकर सड़कों पर आई हैं।
