ऊना:राकेश(TSN)-कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी की ऊना जिला में आयोजित जनसभाओं में लोगों का न आना इसका स्पष्ट संकेत है।यह बात ऊना में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व ऊना सदर से विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कही।सतपाल सत्ती ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं की ऊना रैलियों को फ्लॉप करार दिया। उन्होंने कहा कि राहुल व प्रियंका की रैलियों में सीमित संख्या में लोग आएं,जिससे साफ है कि अब लोग कांग्रेस की झूठी गांरटियों व वायदों से ऊब चुके है।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर साधा निशाना
सतपाल सत्ती ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं 15 सौ रुपए की कांग्रेस सरकार की गारंटी पूरी होने का इंतजार कर रही है। महिलाओं ने अपने घरों के बाहर 15 सौ रुपए की डिमांड के बोर्ड टांग दिए है। जिससे अब कांग्रेस नेता लोगों के घरों में जाने से भी संकोच कर रहे है। प्रदेश सरकार 15 सौ रुपए महिलाओं को दे नहीं पाई, अब राहुल व प्रियंका गांधी महिलाओं को 85 सौ रुपए प्रतिमाह देने की एक और झूठी गांरटी दे रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गारंटियों से जनता ऊब चुकी है तथा पहली जून को जनता कांग्रेस के विरुद्ध मतदान कर सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी 60 वर्ष तक जनता को गुमराह करके सत्ता में बनी रही, तब उन्हें लोगों के हितों की कभी चिंता नहीं हुई। कांग्र्रेस लंबे समय तक देश व प्रदेश में सत्ता में रही, लेकिन कांग्रेस ने न तो लोगों के लिए बेहतर शिक्षण संस्थानों की चिंता की न ही बेहतर स्वास्थ्य संस्थानों के लिए प्रयास किए। देश के करोड़ों घरों में 60 साल तक शौचालय तक उपलब्ध नहीं रहे। पानी व बिजली की मूलभूत सुविधाओं से जनता जूझती रही, लेकिन कांग्रेस नेता केवल परिवार विशेष के विकास में लगे रहे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सत्ता में आने के बाद देश को विकास पथ पर अग्रसर किया। हर घर में बिजली पहुंचाई गई। हर घर में नल से जल पहुंचाया गया। देश में सड़कों का जाल बिछाया गया। हर जिला में मैडिकल कालेज, नर्सिंग कालेज खोले गए। हर प्रदेश में एम्स जैसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान खोले गए। देश में एनआईटी व आईआईटी जैसे संस्थानों की संख्या को बढ़ाया गया।आयुष्मान व हिमकेयर योजनाओं को लाकर करोड़ों लोगों को मुफ्त उपचार की सुविधा प्रदान कर लोगों का जीवन बचाया गया। 80 करोड़ भारतीयों का मुफ्त अनाज उपलब्ध करवाया जा रहा।
