कुल्लू : मनमिंद्र अरोड़ा- भाजपा विधायक सतपाल सत्ती ने कहा है कि कांग्रेस सरकार जनविरोधी नीतियों पर उतारू हो गई है। एक तरफ साढ़े छ सौ संस्थान बंद करने से जनता परेशान है तो वहीं अब विधायक निधि के साथ हिमकेयर योजना पर भी रोक लगा दी है। जिस कारण गरीवों को इलाज करने के लिए अब पैसा नहीं मिल रहा है।
साढ़े छ सौ संस्थान बंद करने के बाद अब हिमकेयर योजना पर भी रोक
कुल्लू में पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा । उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा है कि सरकार बताएं कि 1500 रुपए घर पर देवरानी को मिलेंगे या जेठानी को। कांग्रेस पर आरोप लगते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता हथियाने के लिए कांग्रेस ने चुनाव के दौरान कहा कि घर की हर एक महिला को 1500 रुपए मिलेंगे। यदि घर में 4 महिलाएं है तो को 6000 रुपए मिलेंगे। लेकिन सत्ता में आने के बाद अब सरकार अपनी दी हुई गारंटियों से मुकर रही है। अब सरकार के मंत्री कह रहे हैं कि घर की एक ही महिला को 1500 रुपए मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इस स्थिति में सरकार को स्पष्ट कर देना चाहिए कि 1500 रुपए देवरानी को मिलेंगे या जेठानी को। उन्होंने कहा कि यह सरकार परिवार को तोड़ने आई है और जनता को परेशान करने आई है। अब सरकार अपनी सभी गारंटियों से मुकर रही है। सरकार ने सत्ता में आते ही साढ़े छ सौ संस्थान बंद कर दिए जिससे जनता परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यह संस्थान जनता की सुविधा के लिए सरकार खोलती है। संस्थान खोलने से पहले कहीं भी भवन नहीं बनते हैं। खुलने के बाद ही व्यवस्था होती है और जब संस्थान खुलते हैं तो सरकार ने उसके लिए बजट का प्रावधान रखा होता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने संस्थान तो बंद किए ही साथ ही सरकार द्वारा गरीबों को शुरू की गई हिमकेयर योजना भी बंद कर दी है। उन्होंने कहा कि अब अस्पतालों में इलाज करने के लिए जनता को पैसे नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्य के सभी रास्ते सरकार ने बंद कर दिए हैं। विधायक निधि पर भी रोक लगा दी है। ऐसे में यह सरकार जनविरोधी सरकार है।
