मंडी : परी शर्मा- राजदेवता माधोराय की शाही जलेब के साथ रविवार को अंतरराष्ट्रीय मंडी महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य आगाज हो गया है। शाही जलेब में देवी देवताओं संग देवलुओं ने भी शिरकत की और खूब रौनक लगाई। हजारों लोग इस देव आस्था के जनसैलाब का गवाह बने। जलेब में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी शिरकत की। सीएम ने फूलों से सजी गाड़ी में जाने से इंकार किया और पैदल जलेब में चलने की पंरपंरा का निर्वहन किया।
पहले शाही जलेब में ढोल-नगाड़ों की थाप पर खूब झूमे देवलू
राजदेवता माधोराय की पहली शाही जलेब के साथ रविवार को अंतरराष्ट्रीय मंडी महाशिवरात्रि महोत्सव 2023 का भव्य आगाज हो गया है। राज देवता माधोराय के मंदिर से शुरू हुई जलेब में पड्डल मैदान तक तिल धरने की जगह नहीं बची थी। लाल पगड़ी में निकली रियासतकालीन जलेब कुछ अलग अंदाज में नजर आई। जलेब में देवलु अपने अपने क्षेत्रों की नाटियां डालते, गाना गाते हुए भी दिखे। देवी देवताओं के रथों की शोभा भी देखते ही बन रहा थी। जेलब में होमगार्ड का बैंड, पुलिस, होमगार्डस, महिला होमगार्डस की टुकड़ियों के अलावा विभिन्न शौक्षणिक संस्थाओं के छात्र जलेब में शामिल हुए। वहीं पर ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते गाते देवलू और देवता भी राजदेवता माधोराय की इस जलेब में दिखे। इस दौरान मंडी जिला के अलग अलग क्षेत्रों की वेशभूषा में लोग परिधान पहने भी नजर आए।
सता के लिए नही , व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं
अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव की पहली जलेब में मुख्यमंत्री ने शिरकत की। सीएम ने सुबह बड़ा देव कमरूनाग और राज देवता माधों राय की पूजा अर्चना की फिर दोपहर में निकली इस जलेब में शामिल हुए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गाड़ी को छोड़ पैदल जलेब में चले। उन्होने कहा कि देव समाज और देव संस्कृति का संरक्षण करना कांग्रेस सरकार का प्रमुख दायित्व है। महाशिवरात्री का पर्व में सभी का दायित्व है कि इसे संरक्षण प्रदान करते हुए संस्कृति को जिवित रखेे। सीएम ने कहा कि हम सता के लिए नही आए है व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए है। वे राजनीति में है लेकिन उनका भाव सेवा करना है। हर गरीब आदमी तक पहुंच बनाना कांग्रेस सरकार की जिम्मेवारी है। वही सता में आने के साथ क्या सुखविंदर सिंह सुक्खू बदल जाएगें इस पर सीएम ने कहा कि मेरेे लिए फूलों से सजी गाड़ी का इंतजाम किया था लेकिन मुझे पैदल चलना था।
प्रतिभा सिंह ने भी पहली जलेब में की शिरकत
मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी शोभायात्रा में शिरकत की। रानी प्रतिभा सिंह ने कहा कि शिवरात्री का पर्व महत्वपूर्ण है इसमें हमारी संस्कृति झलकती है। लोगों में इस पर्व को लेकर भारी उत्साह है। उनहोने कहा कि जब राजा का शासन था तब राजा इस पंरपंरा को निभाते थे लेकिन अब वक्त बदल चुका है। अब सरकार और प्रशासन इस कार्यक्रम का आयोजन करते है। संासद ने कहा कि हमे संदेश देना है कि हम जनता के साथ है और लोगों के साथ चलकर उनसे बातचीत भी होती है।
बता दे कि पहली शाही जलेब में धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ठाकुर, कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, विधायक चंद्रशेखर, अनिल शर्मा, भुवनेश्वर गौड़ और सुरेश कुमार, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, कांग्रेस पार्टी के नेता सोहन लाल ठाकुर, चंपा ठाकुर और अन्य लोग उपस्थित रहे।
