मंडी : धर्मवीर – हिमाचल प्रदेश का सेब बागवान अपने सेब को लेकर सड़क पर है और सुखविन्द्र सुक्खू सरकार, उनके मंत्री और कांग्रेस नेता आपस में गुत्थमगुत्था कर रहे है। यह बात नाचन विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद कुमार ने बुधवार को मंडी जिला के सुंदरनगर में मीडिया से बातचीत करते हुए कही।
विनोद कुमार ने कहा कि सेब सीजन शुरू हो गया है। सेब सीजन शुरू होने से पहले सरकार को जो प्रबंध करने चाहिए थे, उन प्रबंधों में सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है। सड़कें खराब हैं, भारी गाड़ियों का सड़कों पर से निकलना दुभर हो गया है,कोई चिंता करने वाला नहीं है। सरकार के बागवानी मंत्री का व्यवहार एक तानाशाह जैसा है। उन्हें न तो बागवान के सेब की चिंता है, न ही इस बात की चिंता है कि जितना सेब पेटी में डले उसका पूरा दाम मिले। उन्होनें जो फरमान जारी कर दिया अब वो उनकी नाक का सवाल बन गया है।
अगर जल्द बागवानों की समस्या का नहीं किया हल तो सड़कों पर उतरेगी प्रदेश भाजपा
नाचन विधायक विनोद कुमार ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले प्रदेश के बागवानों व प्रदेश की जनता से कई वादे किए थे लेकिन आज उन वादों पर खरा नहीं उतर पाई है। बागवानों से सेब खरीदने के लिए 24 किलो का फरमान जारी कर दिया गया है,लेकिन उसको लेकर बागवान परेशान है। उन्होंने कहा की पेटी में जो सेब की तहे लगेंगी व बराबर लगेंगी। वो तोलकर तो लगेगी नहीं और न ही चार सेब ज्यादा डाले जा सकते हैं,न ही चार सेब कम डाले जा सकते हैं और न ही बागवान के खेत में तोलने के लिए कंडे लगे हैं। विनोद कुमार ने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है की बागवानी मंत्री के उपर न कांग्रेस पार्टी का कोई नियंत्रण है और न ही मुख्यमंत्री का कोई नियंत्रण है। उन्होंने कहा की अगर जल्द ही बागवानों की समस्या का हल नहीं किया गया तो हिमाचल प्रदेश भाजपा सड़को पर उतर कर इसका विरोध प्रदर्शन करेगी।
