कुल्लू : मनमिंदर अरोड़ा – कुल्लू के ढालपुर स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। रुद्रा स्पोर्ट्स क्लब कुल्लू की ओर से आयोजित की गई इस प्रतियोगिता में अंडर-19 व सीनियर वर्ग की 12-12 टीमों के खिलाड़ियों ने भाग लेकर प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता के समापन मौके पर नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने बतौर मुख्यातिथि भाग लिया। इस मौके पर अपने संबोधन में जहां उन्होंने जहां आयोजकों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी वहीं, युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलकूद व अन्य गतिविधियों में बढ़चढ़ कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी नशे के दलदल में धंसती जा रही है जोकि एक चिंतनीय विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खु सरकार, जिला प्रशासन व नगर परिषद की ओर से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए कई जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं ताकि युवा नशे से दूर रहे। गोपाल कृष्ण महंत ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं से अपनी मेहनत के दम पर भविष्य संवारा जा सकता है। इसके अलावा खेलों से नियम पालन के स्वभाव का विकास होने के साथ मन एकाग्र होता है। इस मौके पर उन्होंने प्रतियोगिता में विजेता, उप विजेता टीमों को मोमेटों व नगद धनराशि देकर सम्मानित भी किया। प्रतियोगिता में अंडर-19 वर्ग में स्टील वारियर कटराईं विजेता रही। टीम को 10 हजार रुपये नगद व मोमेटों प्रदान किया गया, जबकि मिर्जा ब्याजस टीम उपविजेता रही। वहीं, सीनियर वर्ग में हमीरपुर टीम विजेता जबकि मनाली टीम उप विजेता रही। दोनों टीमों को क्रमशः 10 हजार व पांच हजार रुपये की व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
