अरविंदर सिंह,हमीरपुर: राजकीय विद्यालय बीड बगैरा में खंड स्तरीय तीन दिवसीय अंडर 12 खेलकूद प्रतियोगिता का आ समापन हो गया। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने शिरकत की और विजेता स्कूलों के बच्चों को इनाम देकर सम्मानित किया। इससे पहले यहां पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री का खेल आयोजकों सहित स्कूल स्टाफ सदस्यों भाजपा पदाधिकारियों पंचायत प्रतिनिधियों के साथ साथ स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री ने इन खेलों में भाग ले रहे बच्चों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि आज इन खेलों में जो बच्चे जीते हैं उन्हें बधाई और जिन्हें निराशा हाथ लगी है उन्हें भी बधाई। उन्होंने कहा कि हार से बहुत कुछ सीखा जा सकता है हार को जीत में तब्दील करना आपके हाथ में है इसलिए आपकी हार में क्या कमी रही है जो आप जीत नहीं पाए उस पर परिश्रम मेहनत करके उस हार को जीत में बदला जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब 1998 में मुख्यमंत्री बने थे तो उस समय छोटे बच्चों को कहां पढ़ाया जाए बहुत बड़ी समस्या थी। उस समय मात्र दो हजार के करीब स्कूल थे, लेकिन भाजपा सरकार ने काम करते हुए इन स्कूलों की संख्या 13 हजार के करीब की है। हर स्कूल में बच्चों को बेहतर शिक्षा रहन-सहन खान-पान मिल सके इस का प्रबंध किया गया है। विश्वविद्यालय, महाविद्यालय और स्कूलों में जाने वाले बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल रही है तो प्राथमिक स्कूलों में जाने वाले बच्चों को भी एक समान सुविधाएं मिले इसके लिए उन्होंने काम किया था।
इस मौके पर फाइनल मुकाबलों में विजेता खिलाड़ियों को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने ट्रॉफी एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
