बिलासपुर, सुभाष-: प्रदेश सरकार में मंत्री राजेश धर्माणी के गृह जिले बिलासपुर में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एसपी कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘राजेश धर्माणी मुर्दाबाद’ और ‘पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। भाजपा नेताओं का आरोप था कि पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से जुड़ी शिकायतों तथा विभिन्न मामलों में पुलिस प्रशासन द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका कहना था कि कई बार शिकायतें और मांगें प्रशासन के समक्ष रखी गईं, लेकिन समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से संबंधित मामलों में निष्पक्ष जांच और शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई।प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित अवधि में उनकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि इसके बाद पार्टी की बैठक कर आगामी रणनीति तय की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर प्रदेश स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।प्रदर्शन के चलते एसपी कार्यालय परिसर के आसपास राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। भाजपा नेताओं ने कहा कि उनका आंदोलन संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई होने तक जारी रहेगा।

