अरविंदर सिंह,हमीरपुर:आगामी 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 9 साल में किए गए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी। यह बात केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपने संसदीय क्षेत्र हमीरपुर के दो दिवसीय दौरे के दौरान हमीरपुर से शिमला रवाना होने से पूर्व कही। अनुराग ठाकुर अपने इस दौरे के दौरान लगातार क्षेत्र के लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं की सुनवाई व यथासंभव निराकरण कर रहे हैं।
अनुराग ठाकुर ने पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईमानदारी के साथ देश का नेतृत्व कर देश को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने के साथ विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता विकास के साथ खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 27 फ़ीसदी गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला हैं । 3.5 करोड़ पक्के मकान बना कर दिए। 9 करोड़ 60 लाख माताओं बहनों को मुफ्त रसोई गैस और सिलेंडर देकर धुएं से आजादी दी। 11 करोड़ 50 लाख परिवारों तक मात्र 3 साल में नल से जल पहुंचाया। आयुष्मान भारत के माध्यम से देश के 60 लाख जरूरतमंदों को 5 लाख तक के मुफ्त इलाज की गारंटी दी। आज देश के अंतिम गांव तक बिजली पहुंच चुकी हैं। सड़कें चार गुना रफ्तार से बन रही हैं। रेलवे ट्रैक 3 गुना ज्यादा रफ्तार से बिछ रहे हैं। वंदे भारत ट्रेन चल रही हैं। आज देश में रिकॉर्ड विदेशी निवेश आ रहा हैं। इन सारे विकास के कामों को लेकर हम 2024 के चुनाव में जाएंगे। निश्चित तौर पर लोग एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देंगे।
हिमाचल की कांग्रेस सरकार पर बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि वह राज्य की सरकार से अनुरोध करेंगे कि वह कर्मचारियों को प्रताड़ित ना करें। उन्होंने कहा, “आप पैसे ना होने की बात करके हमारे कर्मचारियों, माताओं- बहनों जिन को 1500 सौ प्रति महीने देने का वादा किया था वह पूरा नहीं हो रहा। आप इनके साथ छल नहीं कर सकते। हमारे कर्मचारी और ट्रांसपोर्टर जो दिन-रात एक करके बसें चलाते हैं आप उनको उनके अधिकार भी नहीं दे रहे। मजबूर होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा हैं। आप हर क्षेत्र के कर्मचारियों को मजबूर ना करें कि उन्हें धरना प्रदर्शन करना पड़े।
