संजु चौधरी, शिमला: इन दिनों हिमाचल प्रदेश आपदा से जूझ रहा हैं। प्रदेश के कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश की वजह से तबाही का मंजर जारी हैं। आपदा के इस समय के बीच भी प्रदेश में सियासत गरमाई हुई हैं। कांग्रेस और भाजपा के बीच एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने का सिलसिला लगातार जारी हैं। इसी बीच हिमाचल भाजपा मीडिया प्रभारी करन नंदा ने कांग्रेस नेता सुंदर सिंह और कौल सिंह ठाकुर के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर की गई बयानबाजी पर पलट+वार किया हैं। उन्होंने दोनों कांग्रेस नेताओं को सोच समझ के बयानबाजी करने की सलाह दी हैं।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के ऊपर टिप्पणी की गई है, वह निंदनीय हैं। जो व्यक्ति आपदा के संकट में जन सेवा के कार्य में दिन-रात लगा है, उस पर इस प्रकार के आरोप लगाना अशोभनीय हैं। उन्होंने कहा की लगता है कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर वरिष्ठ तो हैं ही, पर वरिष्ठ होते- होते उनको राजनीतिक संन्यास ले लेना चाहिए।
करन नंदा ने कहा कि इस आपदा की घड़ी में राजनीति कौन कर रहा है, वह जगजाहिर हैं। यह कांग्रेस नेताओं को समझाने की आवश्यकता नहीं हैं। कांग्रेस नेता लगातार भाजपा के ऊपर टिप्पणियां कर जनता का ध्यान भटकने का प्रयास कर रहे हैं। पहले दिन से ही भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश संगठन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और समस्त नेताओं के नेतृत्व में नेता कार्यकर्ता धरातल पर जाकर सेवा कार्य कर रहा हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र आपदा को लेकर 361 करोड़ रुपए की राशि हिमाचल प्रदेश को दे चुका है, यह इस कांग्रेस सरकार को दिखता नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं को नसीहत दी कि जनता को गुमराह करने की कोशिश न करें।
