राहुल चावला, कांगड़ा-:कांगड़ा में भारतीय जनता पार्टी की मंडल बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर मंथन किया गया। बैठक में पार्टी नेताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और प्रदेश सरकार की कथित नाकामियों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाने की रणनीति तैयार की। बैठक को कांगड़ा विधायक पवन काजल और भाजपा जिला प्रभारी एवं विधायक विक्रम सिंह ठाकुर ने संबोधित किया।
बैठक के दौरान कांगड़ा विधायक पवन काजल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने, पांच वर्षों में पांच लाख नौकरियां देने, गोबर खरीद और स्टार्टअप जैसी कई गारंटियां सरकार ने जनता को दी थीं, लेकिन इनमें से कई वादे अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों को लेकर पहले भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर चुकी है और आगे भी जनता की आवाज उठाती रहेगी।पवन काजल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को लेकर पार्टी की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि 17 सितंबर को कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के सभी 101 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर 100 दीये जलाए जाएंगे। इस तरह पूरे विधानसभा क्षेत्र में करीब 10,100 दीये जलाकर प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के साथ उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के कार्यकाल को याद किया जाएगा।
वहीं, कांगड़ा के विकास को लेकर पवन काजल ने कहा कि क्षेत्र लंबे समय से विकास की दृष्टि से पिछड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें अलग-अलग चुनाव चिन्हों पर लगातार तीन बार जीत दिलाई है। अब क्षेत्र की जनता विकास के साथ-साथ सरकार में कांगड़ा की उचित भागीदारी चाहती है। उन्होंने संकेत दिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांगड़ा को सरकार में बड़ा पोर्टफोलियो मिलने की उम्मीद है।
भाजपा जिला प्रभारी विक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि पार्टी 17 सितंबर से प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत घर-घर दीये जलाने के साथ केंद्र सरकार की योजनाओं से बने बड़े प्रोजेक्ट, पुल और अन्य विकास कार्यों के पास भी सामूहिक रूप से दीप जलाए जाएंगे।विक्रम ठाकुर ने हिमकेयर और सहारा योजना समेत स्वास्थ्य, सड़क, बेरोजगारी, महिलाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार की कथित कमियों को विधानसभा के साथ-साथ जनता के बीच भी उठाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर इन मुद्दों को जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा।बिजली के बढ़े बिलों और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की फीस में वृद्धि पर उन्होंने कहा कि यह गंभीर विषय है। होटल और उद्योग क्षेत्र से प्रतिनिधित्व मिलने पर भाजपा इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएगी।

