हमीरपुर, अरविंद-:भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी तिरंगा यात्रा अभियान के तहत सोमवार को हमीरपुर में भाजपा मंडल हमीरपुर की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। भोटा चौक से शुरू हुई यह यात्रा गांधी चौक तक पहुंची। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और भारतीय सेना के जयकारे लगाए।तिरंगा यात्रा में हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा भी कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। उन्होंने कहा कि तिरंगे के नीचे पूरा देश कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक एकजुट है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने में तिरंगा यात्रा अहम भूमिका निभा रही है।
पत्रकारों से बातचीत में विधायक आशीष शर्मा ने कांग्रेस और प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री को लेकर भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सुधीर शर्मा भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और उन्होंने जो भी बयान दिया होगा, सोच-समझकर ही दिया होगा। उन्होंने कहा कि सुधीर शर्मा ने अपने बयान में चंबा की चप्पल का जिक्र किया है, जबकि चंबा के रुमाल और अन्य प्रसिद्ध चीजों का भी उल्लेख किया जा सकता था।आशीष शर्मा ने कहा कि उन्होंने सुधीर शर्मा का पूरा बयान नहीं सुना है, लेकिन जिस तरह से उनके बयान को राजनीतिक तौर पर तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है, वह उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के मौजूदा हालात ठीक नहीं हैं और आने वाले समय में प्रदेश की जनता कांग्रेस को उसके कार्यों का जवाब देगी।विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2022 में शुरू हुई तिरंगा यात्रा की परंपरा को हर वर्ष आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका उद्देश्य देश की आजादी, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान के प्रति युवा पीढ़ी में जज्बा पैदा करना है।
