बी.बी.एन./जगत सिंह: दून विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी राम कुमार ने ग्राम पंचायत ढकरयाणा, घड़सी और गोयला में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। जहां सैकड़ों की संख्या में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग उनको सुनने के लिए इन सभाओं में शामिल हुए। राम कुमार ने कहा कि जब मैं विधायक था तो पहाड़ी क्षेत्र की सबसे बड़ी पीने के पानी की समस्या का हल चंडी पेयजल योजना के जरिए किया था। लेकिन भाजपा विधायक की नालायकी के कारण आज भी कई घरों में पानी नहीं पहुंच सका।
उन्होंने कहा कि मैंने अपने कार्यकाल के दौरान सैकड़ों के करीब सड़कें निकली। लेकिन आज तक वो रास्ते बस के लिए पास नहीं हो सके। जनता की सुविधा के लिए कई बसें मैने चलाईं जिनमें से कई रूट आज बंद पड़े हैं। पहाड़ी क्षेत्र में अस्पतालों के भवनों का निर्माण मेरे समय में हुआ। जिस पर आज ताले लटक रहे हैं। सरकारी स्कूलों में स्टाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि जो कार्य मैंने शुरू किए थे आज के भाजपा प्रत्याशी उन आधे अधूरे कार्यों का उद्घाटन कर झूठा श्रेय लेने की कोशिश करते रहे।
लोग भाजपा विधायक से दिखे नाराज
गोयला पंचायत में सभा के दौरान महिला कांग्रेस कृष्णा वर्मा ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं के लिए जो उज्ज्वल योजना शुरू की थी। वो योजना नहीं बल्कि एक भद्दा मजाक था। घरेलू रसोई गैस की सब्सिडी बंद कर दी गई। वहीं नालका पंचायत के प्रधान प्रेम चंद ने कहा कि प्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार थी तो हम कभी भी अपने विधायक के पास कोई समस्या लेकर नहीं गए। जबकि विधायक खुद हमारी समस्याओंं को सुनने आते और उनका हल भी करते थे। लेकिन आज भाजपा के प्रत्याशी जो पांच साल में तो कभी नजर नहीं आए कभी हमारी सम्सस्याओं को नहीं सुना। आज वो किस हक से वोट मांगने आ रहे हैं। वहीं बी.डी.सी. सदस्य आशा कुमारी ने कहा कि भाजपा सरकार के समय महंगाई इतनी बढ़ चुकी है कि महिलाओं को घर चलाना मुश्किल हो गया है।
