Una, Rakesh-:केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना के नाम और स्वरूप में किए गए बदलाव के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने आज जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के विधायक, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।
कांग्रेस ने अपने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष देसराज गौतम के नेतृत्व में एमसी पार्क से रोष मार्च निकाला और सार्वजनिक सभा के माध्यम से केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।रोष मार्च में विधायक विवेक शर्मा, विधायक राकेश कालिया सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष देसराज गौतम ने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मनरेगा योजना कांग्रेस सरकार की देन है, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय मनमोहन सिंह के नेतृत्व में शुरू किया गया था।उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा मनरेगा योजना के नामकरण और अन्य बदलाव जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ हैं। इन बदलावों से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों पर नकारात्मक असर पड़ेगा। कांग्रेस ने मनरेगा में किए गए सभी बदलावों को जनविरोधी करार दिया।
