नाहन : देवेंद्र कुमार (TSN)- आखिरकार 55 वर्षों के संघर्ष के बाद गिरीपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को हिमाचल प्रदेश की 11वीं ट्राइब जाति के रूप में मंजूरी मिल गई। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता विनय छींटा ने केंद्र की मोदी सरकार के साथ-साथ प्रदेश सरकार का भी आभार जताया। विनय छींटा आज नाहन में मीडिया से रूबरू हुए।
जिला मुख्यालय नाहन स्थित भाजपा कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता विनय छींटा ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि लंबे संघर्ष और इंतजार के बाद आज गिरीपार क्षेत्र के हाटी समुदाय की मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के अथक और ईमानदार प्रयासों के बाद यह सफलता मिली है। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गृह मंत्री अमित शाह प्रदेश के पूर्व में रहे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप शिलाई के पूर्व में रहे विधायक बलदेव तोमर के साथ-साथ केंद्रीय हाटी समिति का भी उन्होंने आभार जताया जिन्होंने 1980 से लेकर इस मुद्दे को जिंदा रखा। उन्होंने कहा कि बेशक देर से ही सही परंतु प्रदेश सरकार ने भी इस बात को अपनी मंजूरी दे दी इसके लिए उन्होंने प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार का भी आभार जताया।
46% से घटकर अब 7% प्रतिभागियों के बीच होगा कंपटीशन
विनय छींटा कहा कि कोटे में यदि सबसे सुरक्षित कोई कोटा माना जाता है तो वह ट्राईबल का कोटा होता है। उन्होंने कहा कि बहुत सी ऐसी परीक्षाएं होती है जिसका सीधा लाभ ट्राइबल समुदाय से संबंध रखने वाले परीक्षार्थियों को मिलता है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अगले चार-पांच वर्षों के बीच गिरी पार क्षेत्र से 10 से 12 आईएएस अधिकारी निकलेंगे क्योंकि अब उनका कंपटीशन 46% से घटकर 7% की संख्या के बीच होगा। जो कि क्षेत्र के युवाओं के लिए सौभाग्य की बात है।
