सोलन : योगेश शर्मा (TSN)- सोमवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस सोलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल द्वारा प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान राजीव बिंदल ने कहा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 5 जनवरी, 2024 को हिमाचल प्रदेश पधार रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ प्रांतों के चुनाव में नड्डा जी की अध्यक्षता में व नरेन्द्र भाई मोदी के नेतृत्व में प्रचंड जीत दर्ज की है।
तीन राज्यों में प्रचंड जीत को लेकर होगी सभा
राजीव बिंदल ने कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र के लोग सोलन व शिमला में जगत प्रकाश नड्डा का स्वागत करेंगे। 5 जनवरी को सुबह 9 बजे सोलन माॅल रोड़ पर रोड़ शो एवं अभिनंदन समारोह होगा और दोपहर 1 बजे होटल पीटरहाॅफ शिमला में अभिनंदन समारोह होगा। वहीं इस दिन शाम 6 बजे भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की कोर ग्रुप की बैठक को राष्ट्रीय अध्यक्ष संबोधित करेंगे। बिन्दल ने कहा कि तीन बड़े राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत ने देश का संपूर्ण माहौल भाजपामय कर दिया है और नरेन्द्र भाई मोदी देश के अभिजीत नेता के रूप में उभरे हैं। बिन्दल ने कहा कि 2024 का वर्ष एक बार फिर नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का वर्ष शुरू हुआ है और मोदी जी व भाजपा के साथ ही देश की तरक्की सुनिश्चित होनी है। नरेन्द्र भाई मोदी ने 2047 तक भारत को दुनिया का सबसे श्रेष्ठ राष्ट्र बनाने का काम शुरू किया है और हम सब लोगों को मिलकर उसे पूरा करना है।
