Shimla, 20 December-:भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश में दिसंबर के अंतिम सप्ताह को राष्ट्रप्रेरणा से जोड़ते हुए तीन दिवसीय विशेष आयोजनों की श्रृंखला आयोजित करने जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि 25 दिसंबर से 28 दिसंबर तक पार्टी सुशासन, बलिदान और जनसंवाद के मूल्यों को केंद्र में रखकर प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित करेगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अटल जी का हिमाचल प्रदेश के विकास में योगदान केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने राज्य की आर्थिक और आधारभूत संरचना को नई दिशा दी। औद्योगिक पैकेज, सड़क नेटवर्क का विस्तार और दूरस्थ क्षेत्रों को विकास से जोड़ने की सोच उनकी दूरदर्शिता का उदाहरण है।उन्होंने बताया कि अटल जी द्वारा घोषित औद्योगिक पैकेज से हिमाचल में निवेश का नया युग शुरू हुआ, जिससे रोजगार के अवसर बढ़े और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उल्लेख करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि इस योजना ने ग्रामीण हिमाचल को मुख्यधारा से जोड़ने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के अवसर पर गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को श्रद्धांजलि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह दिन देश की युवा पीढ़ी को साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों से प्रेरित करने का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में घोषित वीर बाल दिवस भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक चेतना को सशक्त करता है।डॉ. बिंदल ने बताया कि 28 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रदेशभर में सामूहिक रूप से सुना जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे और जनसंवाद को मजबूत करेंगे।उन्होंने कहा कि इन तीन दिनों के आयोजन भाजपा की विचारधारा, राष्ट्र निर्माण के संकल्प और जनसेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम होंगे। पार्टी का लक्ष्य है कि अटल जी की विरासत, वीरों का सम्मान और सुशासन का संदेश हिमाचल के हर नागरिक तक पहुंचे।
