Hamirpur, Arvind-:राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में 22 दिसंबर को 16वां दीक्षांत समारोह भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम संस्थान के ऑडिटोरियम में होगा, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार सत्यवाली विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।
संस्थान के निदेशक डॉ. एच.एम. सूर्यवंशी ने पत्रकार वार्ता में दीक्षांत समारोह से जुड़ी अहम जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कुल 1299 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 900 स्नातक, 338 स्नातकोत्तर और 61 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री शामिल है। यह संस्थान के शैक्षणिक और शोध क्षेत्र में निरंतर प्रगति को दर्शाता है।डॉ. सूर्यवंशी ने बताया कि एनआईटी हमीरपुर में जल्द ही प्रदेश का पहला आधुनिक अनुसंधान पार्क स्थापित किया जाएगा, जिस पर लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह रिसर्च पार्क “विकसित भारत 2047” के विजन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और अत्याधुनिक तकनीकों पर शोध किया जाएगा।उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 के दौरान संस्थान के शोधकर्ताओं द्वारा देश-विदेश की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में करीब 600 शोध पत्र प्रकाशित किए गए हैं। इसके साथ ही संस्थान ने 23 पेटेंट दाखिल किए, जिनमें से 10 पेटेंट को मंजूरी मिल चुकी है। वर्तमान में संस्थान में लगभग 20 करोड़ रुपये के शोध प्रोजेक्ट्स पर कार्य चल रहा है, जिनमें सिविल इंजीनियरिंग विभाग के डॉ. चंद्र प्रकाश को 3.50 करोड़ रुपये का सबसे बड़ा शोध प्रोजेक्ट प्राप्त हुआ है।
प्लेसमेंट की बात करें तो एनआईटी हमीरपुर ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 में 175 कंपनियों के साथ कैंपस रिक्रूटमेंट किया। इस दौरान छात्र आर्यन मित्तल को 3 करोड़ 40 लाख रुपये का रिकॉर्ड पैकेज मिला, जो सभी एनआईटी और आईआईटी संस्थानों में अब तक का सबसे अधिक पैकेज है। आर्यन टेस्ला कंपनी में सेवाएं देंगे। इसके अलावा कई छात्रों को 50 लाख रुपये सालाना तक के पैकेज भी प्राप्त हुए हैं।
