Bilaspur, Subhash-:प्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रभारी शेष नारायण ओझा ने बिलासपुर कांग्रेस भवन में यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ अहम बैठक की। बैठक में विधानसभा व जिला कार्यकारिणी की संयुक्त भागीदारी रही, जहां संगठन विस्तार, रिक्त पदों की शीघ्र नियुक्ति और आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों पर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए शेष नारायण ओझा ने कहा कि संगठन में जो पद अभी खाली हैं, उन्हें जल्द भरा जाएगा ताकि यूथ कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने युवाओं से पंचायत चुनावों को लेकर अभी से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया और कहा कि कांग्रेस पूरी तैयारी और रणनीति के साथ चुनावों में उतरेगी।ओझा ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं और नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने में यूथ कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार हिमाचल प्रदेश के साथ भेदभाव कर रही है और प्रदेश के विकास से जुड़े हजारों करोड़ रुपये रोके जा रहे हैं।रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में युवाओं को कितना रोजगार मिला, इसका जवाब जनता को मिलना चाहिए। वहीं उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया है।उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता ने कांग्रेस सरकार पर जो भरोसा जताया है, सरकार उसे विकास और जनहित के कार्यों के माध्यम से लगातार मजबूत कर रही है। बैठक के अंत में संगठन को मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने और पंचायत चुनावों में एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया गया।
