Una, Rakesh-हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। इस यात्रा का नेतृत्व बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और ऊना सदर से विधायक सतपाल सत्ती ने किया।
लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस से शुरू हुई यह यात्रा शहर की परिक्रमा करते हुए शहीदी स्मारक पर समाप्त हुई। इस दौरान कई फीट लंबा तिरंगा आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे सैकड़ों लोगों ने अपने हाथों में उठाकर शहर भर में घुमाया। यात्रा के दौरान ऊना शहर भारत माता के जयकारों से गूंज उठा।
मीडिया से बात करते हुए सतपाल सत्ती ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में बीजेपी द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और देशभक्ति का संदेश फैलाने के उद्देश्य से किया गया है।
