बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- घुमारवीं जिला स्तरीय ग्रीष्मोत्सव में नई पहल के तौर पर खंड स्तर के सभी अचीवर्स को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। जिसमें उपमंडल के सभी फ्रीडम फाइटर, शहीद खेलों व अन्य सभी वर्गों में विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले सभी लोगों को मेले के उद्घाटन के दिन विशेष रुप से सम्मानित किए जायेंगे। यह बात स्थानीय विधायक राजेश धर्माणी ने सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय ग्रीष्म उत्सव के अवसर पर रखी गई बैठक के दौरान कही ।
महिला पहलवान भी दिखाएगी अपना दमखम
ग्रीष्मोत्सव में इस बार सांस्कृतिक संध्या में एक दिन की बढ़ोतरी करते हुए इसे तीन संध्याओं की जगह अब चार संध्याए करने का भी निर्णय लिया गया। इस अतिरिक्त संध्या में जिला के लोक कलाकारों को अपना हुनर दिखाने का मौका दिया जाएगा। इसके अलावा महिला पहलवान भी अपना दमखम दिखाएंगी। इसके अलावा नलवाड़ी में बेबी शो, बुजुर्ग शो भी आकर्षण का केंद्र बनेंगे। इसके साथ ही नलवाड़ी में खेलकूद प्रतियोगिताओं के अतिरिक्त पशु मेला भी लगेगा। यहां पशुओं के मुकाबले भी करवाए जाएंगे। बैठक में तय किया गया कि जिलास्तरीय ग्रीष्मोत्सव घुमारवीं 2023 का आयोजन पांच से नौ अप्रैल तक किया जाएगा।
मेला कमेटी अध्यक्ष राजीव ठाकुर ने कहा कि मेले में स्थानीय लोगों को अपनी कला का प्रदर्शन करने का और अपने व्यापार को बढ़ाने का मौका मिलता है। मेला पांच अप्रैल को शिव मंदिर घुमारवीं से शुरू होकर मेला मैदान तक शोभायात्रा निकाल कर व मेला स्थल पर खूंटी गाड़ने और बैल पूजन के साथ शुरू होगा। उन्होंने इस बार मेले में महिला कुश्तियां करवाने की भी बात कही। उन्होंने इन आयोजन से संबंधित समितियों के संयोजक से आग्रह किया कि समय पूर्व बैठक कर रूपरेखा तैयार करें। उन्होंने नगर परिषद घुमारवीं को मेले के दौरान सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने सहित मेला स्थल पर अस्थाई मोबाइल शौचालय स्थापित करने के निर्देश दिए।
