राहुल चावला, धर्मशाला-:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर धर्मशाला में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रक्तदान शिविर में धर्मशाला के पूर्व भाजपा विधायक विशाल नेहरिया ने भी रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और इससे जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से भी सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।इस अवसर पर विशाल नेहरिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर रक्तदान जैसे सेवा कार्यों का आयोजन समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है।वहीं, रक्तदान शिविर को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया और सेवा कार्य में अपना योगदान दिया।

