कुल्लू : मनमिंदर अरोड़ा – लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि बाढ़ से भुंतर के पारला भुंतर और मनाली में भारी नुकसान हुआ है। यह नुकसान ब्यास नदी व अन्य सहायक नदी-नालों में किए जा रहे अवैध खनन से हुआ है। खनन से नदियों का रुख मुड़ रहा है ।
खनन मामले में कुल्लू एसपी पर आक्रोशित हुए विक्रमादित्य सिंह
कुल्लू में बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा करने के बाद लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा की नदी-नालों में अवैध खनन करने वालों को चेताया कि वह अब बख्शे नहीं जाएंगे। इस मामले को वह मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा में रखेंगे और ऐसे लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भुंतर व मनाली में हुए नुकसान इसी का नतीजा है। खनन विभाग और पुलिस को इस पर और सख्ती बरतने की जरूरत हैं। यह काम अब कागजों पर नहीं चलेगा, इसे धरातल पर सख्ती से उतारा जाएगा। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि बारिश व बाढ़ के कारण पूरे प्रदेश में काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि कुल्लू में खनन माफिया नदियों में खनन कर उन्हें खोखला कर रहा है, जिस कारण ब्यास व पार्वती नदियों का रुख बदल रहा है।
खनन माफिया को रोकने में सक्षम नहीं अधिकारी तो होगा तबादला
लोक निर्माण मंत्री के साथ सांसद व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी मौजूद रही। खनन के कारण नदी का रुख बदलने से ही कुल्लू जिला में कई जगह बाढ़ में कई मकान, होटल व दुकानें बह गई हैं। उन्होंने सीधे तौर पर खनन के लिए अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अगर अधिकारियों ने खनन माफिया पर शिकंजा कसा होता तो नदी का रुख न बदलता और न ही यहां पर इतना नुकसान होता। उन्होंने कहा अधिकारियों को खनन माफिया पर सख्ती करनी होगी। जो अधिकारी शिकंजा कसने में असफल रहेगा उसका तबादला कर दिया जाएगा, साथ ही ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई भी होगी। इस दौरान उन्होंने एसपी कुल्लू पर भी अपना गुब्बार खोला।
