Dharamshala, 18 September -प्रदेश सरकार द्वारा 100 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध करने के निर्णय का प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड कर्मचारी संघ ने कड़ा विरोध किया है। संघ ने सरकार से सवाल उठाया कि जब प्रदेश के स्कूलों में पहले से ही एनसीईआरटी पाठ्यक्रम पढ़ाया जा रहा है तो सीबीएसई में क्या विशेष है।
वीरवार को संघ ने अध्यक्ष सुनील शर्मा की अगुवाई में भोजनावकाश के दौरान जनरल हाउस की बैठक आयोजित कर सरकार के निर्णय के खिलाफ रोष जताया।
सुनील शर्मा ने कहा कि 15 सितंबर को हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया यह फैसला शिक्षा बोर्ड की भूमिका को कमजोर करने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बोर्ड बदलने से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार नहीं होगा, बल्कि सरकार को स्कूलों के ढांचागत और शैक्षणिक उत्थान पर ध्यान देना चाहिए था।संघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
