राहुल चावला, धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के जाने माने सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ पियूष गुलेरी के चतुर्थ वार्षिक स्मरण के उपलक्ष्य पर बुधवार को पुस्तक विमोचन व कविता पाठ का आयोजन धर्मशाला अस्पताल के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में भाषा एवं संस्कृति विभाग के सचिव राकेश कंवर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इसके साथ ही स्मरण कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व आईएएस अधिकारी आरसी शर्मा ने की। उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए उनके लिखे गए साहित्य में से तीन पुस्तकों का भी विमोचन भी इस दौरान किया गया, जिसमें झूमती यादें, अभी समां बाकी है और पंडित चन्द्रधर शर्मा गुलेरी साहित्य के विविध पक्ष का अनावरण किया गया।
बता दें कि डॉ. पीयूष गुलेरी की ओर से विभिन्न साहित्य लिखा गया है, जोकि अभी तक प्रकाशित नहीं हुआ है। उनके स्वर्गवास के बाद अब तक छह पुस्तकों का उनके परिवार व बेटियों की ओर से प्रकाशित करवाया जा चुका है, जबकि अन्य रचनाओं को भी साहित्य समाज व युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे। इस मौके पर डीसी कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल, एसपी कांगड़ा डॉ.खुशहाल चंद शर्मा, डॉ. पीयूष गुलेरी के परिवार के सदस्य, हिमाचल के प्रसिद्ध साहित्यकार-कवि, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, दिव्य हिमाचल के प्रधान संपादक अनिल सोनी सहित अन्य संपादक व बुद्धिजीवी विशेष रूप से मौजूद रहे।
इस मौके पर स्वर्गीय डॉ. पीयूष गुलेरी को स्मरण करते हुए सभी मौजूद साहित्यकारों, पूर्व अधिकारियों व प्रधान संपादक सहित बुद्धिजीवियों ने उनके साहित्य, सामाजिक, सांस्कृतिक व शैक्षिक जीवन के विभिन्न पहलुओं को स्मरण किया। इस दौरान नम आंखों से मौजूद लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
