कांगड़ा, राहुल: शाहपुर में उप मुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि हिमाचल प्रदेश का बजट 2026-27 जनकल्याण और समग्र विकास को समर्पित है। उन्होंने कहा कि बजट में विशेष रूप से कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन पर फोकस किया गया है, जिससे किसानों, पशुपालकों और युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि सरकार ने गेहूं, मक्का, जौ और हल्दी के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की है तथा अदरक के लिए पहली बार एमएसपी तय किया गया है। इसके साथ ही “बीज गांव” योजना और किसान आयोग का गठन किसानों को मजबूत करेगा।
पठानिया ने कहा कि पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए मिल्क इंसेंटिव बढ़ाया गया है और A2 दूध की ब्रांडिंग की जाएगी। पर्यटन, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों में भी बड़े प्रावधान किए गए हैं, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत दिव्यांग पेंशन में वृद्धि और महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता जैसी पहलें सरकार की जनहितैषी सोच को दर्शाती हैं,उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ हर वर्ग के उत्थान की दिशा में एक ठोस कदम है।
