माता चिंतपूर्णी मंदिर में उमड़ी भारी भीड़, श्रद्धालुओं को करना पड़ा घंटों इंतजार
कांगड़ा, विकास:चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन रविवार को माता चिंतपूर्णी मंदिर में भक्तों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। अवकाश का दिन होने के कारण सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। हालात ऐसे बन गए कि सुबह करीब 11 बजे तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लुधियाना धर्मशाला तक पहुंच गईं।
माता के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को मंदिर की मुख्य देहरी तक पहुंचने में तीन से चार घंटे का इंतजार करना पड़ा। तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बावजूद भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी और पूरे क्षेत्र में ‘जय माता दी’ के जयकारे गूंजते रहे।भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल और सेवादारों को तैनात किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को कतारों में सुचारू रूप से आगे बढ़ाया जा सके। प्रशासन का अनुमान है कि दिनभर में 30,000 से अधिक श्रद्धालु माता के दर्शन कर सकते हैं।
