नालागढ़ (जगत सिंह): देश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के कोर्ट परिसर में पेशी पर लाए गए एक सन्नी नाम के आरोपी पर दिन-दहाड़े अंधाधुंध फायरिंग का मामला सामने आया है। बता दें कि सन्नी नाम के आरोपी को कंडाघाट जेल से पुलिस की सुरक्षा के बीच नालागढ़ कोर्ट में पेशी पर लाया जा रहा था। जैसे ही सनी अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ और परिसर की सीढ़ियों में पहुंचा। पीछे से आधा दर्जन के करीब हमलावरों ने उसके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
इस बीच सनी की सुरक्षाकर्मियों ने अपनी जान की परवाह ना करते हुए उसे गोली से बचा लिया। बता दें कि फायरिंग करने के बाद दो आरोपी एक बाइक पर सवार होकर भागने लगे, वे जैसे ही पुलिस थाना से कुछ दूरी पर पहुंचे। आरोप बाइक को सड़क के बीच छोड़कर फरार हो गए और आरोपियों द्वारा वहां पर भी हवाई फायरिंग की गई। गौरतलब है कि खेड़ा हत्याकांड मामले में युवक आरोपी है और उसे कंडाघाट जेल से नालागढ़ कोर्ट में पेशी पर लाया जा रहा था।
आपको बता दें कि खेड़ा गोली कांड मामले में आरोपी की गैंग व एक अन्य गैंग के बीच विवाद चल रहा है। जिसके चलते पहले एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करके जांच की जा रही है। लेकिन अब दूसरी गैंग के लोग आरोपी को जान से मारने के लिए नालागढ़ कोर्ट परिसर में आए व उसके ऊपर अंधाधुंध फायरिंग की गई, जिसमें पुलिस की मदद से आरोपी को बचाया गया।
यहां सबसे बड़ा सवाल यही है कि कानून व्यवस्था का नालागढ़ में क्या हाल है? क्या गैंगस्टरों को किसी कानून का डर नहीं रह गया है? जो कि इस तरह गोली कांड की घटनाओं को दिन-दहाड़े वो भी कोर्ट परिसर के बाहर अंजाम दे रहे हैं। फिलहाल घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील करने के बाद मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
