विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: ऊना जिला के भरवाईं धर्मशाला राष्ट्रीय मार्ग पर किन्नू के करतार में एक बस ओर आर्मी ट्रक की आपस में टक्कर हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बस जांलधर से करतार की तरफ आ रही थी। इस टक्कर में बस में बैठी 7 सवारियों को चोटें आईं। इसमें 2 सवारियों को गहरी जबकि 5 सवारियों को हल्की चोटें आई हैं। गनीमत यह रही कि किसी तरह के कोई जान माल का नुकसान इस हादसे में नहीं हुआ हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना शुक्रवार सुबह 11 बजे के आसपास की बताई जा रही हैं। आर्मी का ट्रक धर्मशाला की तरफ से आ रहा था और बस जालंधर से माता चिंतपूर्णी के दरबार आ रही थी जो कि रूट की बस थी। घटना के बाद बस के साइड के शीशे टूट गए और उस तरफ बैठे हुए यात्रियों को चोटें आई। इसके अलावा इस दुर्घटना में सड़क किनारे बिजली का पोल भी टूट गया।
वहीं घटना के दौरान चिंतपूर्णी के पुजारी परिवार के रिटायर कॉलेज प्रवक्ता जीत लाल कालिया ने मानवता दिखाते हुए घटना के दौरान घायल हुई महिलाओं को अपनी गाड़ी में बैठाकर सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी पहुंचाया, हालांकि कुछ देर के बाद 108 एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई थी, जिसमें बाकी के घायलों को सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी लाया गया।
वहीं चिंतपूर्णी पुलिस भी मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई हैं। सब इंस्पेक्टर रमेश शर्मा ने बताया की चिंतपूर्णी पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर तत्काल ही पहुंच गई थी। बस ड्राइवर और ट्रक ड्राइवर के बयान पुलिस ने दर्ज किए हैं और मामले में उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर शिवा ने बताया की घायल जिनका इलाज सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी में हुआ उनके सत्या रानी 62 वर्षीय, पत्नी बृजलाल भोगपुर जालंधर, 70 वर्षीय जगीर कौर पत्नी हरबंस लाल होशियारपुर, 34 वर्षीय अंकुर जालंधर और 42 वर्षीय कमलजीत जालंधर शामिल हैं । सत्या रानी और जागीर कौर को हेड इंजरी होने के कारण जिला अस्पताल ऊना में रेफर किया गया हैं क्योंकि चिंतपूर्णी अस्पताल में सिटी स्कैन की सुविधा नहीं हैं।
