बिलासपुर,सुभाष-:बिलासपुर में व्यापार और रोजगार की स्थिति को लेकर आशीष ठाकुर ने चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि फोरलेन सड़क शहर के बाहर से गुजरने के बाद स्थानीय बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे व्यापारियों की आय पर सीधा असर पड़ा है। कई छोटे दुकानदारों को आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सुझाव दिया कि शहर के आसपास, विशेष रूप से दो किलोमीटर के दायरे में, किसी बड़े शैक्षणिक या औद्योगिक संस्थान की स्थापना की जाए। इससे न केवल स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
खेल सुविधाओं के विकास पर भी उन्होंने जोर दिया। लूहनू खेल मैदान के विस्तार का प्रस्ताव रखते हुए उन्होंने कहा कि इसे सतलुज नदी के किनारे से जोड़कर आधुनिक रूप दिया जा सकता है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी।उन्होंने पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर के योगदान को भी याद किया और बताया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर बिलासपुर में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोलने की मांग करेगा, ताकि रोजगार बढ़े और युवा नशे जैसी समस्याओं से दूर रह सकें।
Chandrika
