नूरपुर,संजीव-:नूरपुर में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) के रूप में सुभाष चंद ने आधिकारिक तौर पर कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए विभाग की प्राथमिकताओं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग, विशेषकर जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना है।
सुभाष चंद ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, शगुन योजना, शिक्षा से जुड़ी योजनाएं, मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना और पोषण अभियान जैसी कई महत्वपूर्ण पहलें वर्तमान में संचालित हैं। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इनसे वंचित न रह जाए।उन्होंने यह भी बताया कि जिन क्षेत्रों से योजनाओं के लिए आवेदन कम प्राप्त हो रहे हैं, वहां विभाग की ओर से विशेष जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की सही जानकारी दी जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।इसके अलावा, उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व निर्धारित साक्षात्कार प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है, जिसे सरकार के नए दिशा-निर्देशों के अनुसार जल्द ही दोबारा शुरू किया जाएगा।