Hamirpur, Arvind –ज़िला हमीरपुर के थाना नादौन में एक कारोबारी से करीब आठ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कारोबारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इंस्टाग्राम पर एक महिला से दोस्ती करना उसके लिए भारी पड़ गया। आरोप है कि महिला ने सहयोगियों के साथ मिलकर पहले विश्वास जीता, फिर डीमैट अकाउंट में निवेश का लालच देकर रकम ऐंठी और बाद में वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग के आधार पर ब्लैकमेल कर लाखों रुपये वसूल लिए।
पीड़ित के अनुसार गाजियाबाद निवासी शिल्की नामक महिला और उसके साथी आकाश शर्मा व मोहित शर्मा ने सुनियोजित तरीके से उसे अपने जाल में फंसाया। शुरुआत में 35 हजार रुपये ऑनलाइन मांगे गए, जिन्हें उसने ट्रांसफर कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने दो बार दिल्ली जाने वाली बस के माध्यम से भी नगद रकम मंगवाई। लगातार बढ़ती डिमांड से परेशान होकर कारोबारी ने आखिरकार नादौन थाना में शिकायत दर्ज करवाई।
एएसपी हमीरपुर राजेश उपाध्याय ने बताया कि यह मामला सेक्सटॉर्शन और ठगी से जुड़ा है। पीड़ित ने आठ माह तक आरोपियों को अलग-अलग माध्यमों से राशि भेजी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
