विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: विधानसभा चुनाव में कुछ ही दिन का समय शेष रह गया है और ऐसे में सभी प्रत्याशी चुनावी मैदान में प्रचार प्रसार कर अपने लिए समर्थन जुटा रहे हैं। वहीं चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक व भाजपा प्रत्याशी बलवीर सिंह भी चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को भाजपा की उपलब्धियां गिना कर अपने लिए समर्थन मांग रहे हैं।
बलबीर सिंह ने गुरुवार को चिंतपूर्णी की छपरोह पंचायत के बूथ नंबर दो पर रेही में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया। इस नुक्कड़ सभा में उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए अपने 5 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का लेखा-जोखा दिया और भाजपा की नीतियों के बारे में लोगों को बताया। इस मौके पर उन्होंने कहा की मां चिंतपूर्णी के दरबार में उनकी बहुत गहरी आस्था है, इसलिए उन्होंने अपने कार्यकाल में चिंतपूर्णी मंदिर के विस्तारीकरण के काम शुरू करवाने के प्रयास किए जिसमें काफी हद तक सफलता मिली है।
उन्होंने बताया कि चिंतपूर्णी मंदिर के आसपास की 32 दुकानों को सरकार की ओर से एक्वायर कर लिया गया है। मंदिर के विस्तारीकरण के काम के लिए रास्ता साफ हो चुका है। इसके अलावा उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा की भाजपा सरकार की ओर से 110 यूनिट बिजली मुफ्त दी जा रही है। इसके अलावा महिलाओं को बस में आधा किराया लग रहा है। आयुष्मान कार्ड और हिम केयर कार्ड से लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने चिंतपूर्णी विधानसभा के लोग से अपील कि है कि 12 नवंबर को वोट डालकर लोग उन्हें विजय बनाएं ताकि विकास की रफ्तार को आगे बढ़ाया जा सके।
